जर्नलिज्मफीचर्डमीडिया

सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज रंजना देसाई होंगी ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ की नई चेयरपर्सन

राज़नामा डॉट कॉम। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज, जस्टिस (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई को ‘भारतीय प्रेस परिषद’ का नया चेयरपर्सन चुना गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह खबर सामने आई है।

इस पद पर वह जस्टिस (सेवानिवृत्त) सीके प्रसाद की जगह लेंगी, जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद नवंबर 2021 में यह पद छोड़ दिया था, तब से पीसीआई चेयरमैन की सीट खाली पड़ी हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य प्रकाश दुबे की एक समिति ने मंगलवार को आयोजित एक बैठक में पीसीआई अध्यक्ष के रूप में जस्टिस (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई की नियुक्ति को मंजूरी दी। इस बारे में जल्द ही एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।

बता दें कि जस्टिस (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई का जन्म 30 अक्टूबर 1949 को हुआ था। उन्होंने 1970 में एल्फिंस्टन कॉलेज मुंबई से कला में स्नातक और 1973 में गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई से कानून में स्नातक की पढ़ाई की है। वह सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रही हैं।

उन्होंने हाल ही में जम्मू कश्मीर परिसीमन आयोग की अध्यक्षता की है, जिसका गठन केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन करने के लिए किया गया था। पूर्व में वह महाराष्ट्र राज्य के लिए सरकारी वकील और बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।

Raznama / Mukesh bhartiy

वरीय पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय समाचारों पर गहरी समझ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। उनका लक्ष्य ताज़ा घटनाओं, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक निष्पक्ष रूप से पहुँचाना है। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित राज़नामा (Raznama) के माध्यम से वे मीडिया आधारित स्थानीय, क्षेत्रीय और समसामयिक मुद्दों पर आधारित खबरें और विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं, जो बदलते सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को समझने में पाठकों की मदद करते हैं। वे मानते हैं कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ मीडिया और स्वच्छ लोकतांत्रिक व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।