
राजनामा.कॉम। प्रमुख हिंदी समाचार पत्रों में से एक प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह 15 दिसंबर से कार्यभार संभालेंगे। उनकी यह नियुक्ति पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके दशकों के अनुभव और महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करती है। उन्हें भारत के साथ-साथ विदेशों में भी काम करने का विशिष्ट अनुभव है।
उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ कई देशों की विदेश यात्राएं की हैं। उन्होंने हिंदी जगत के बड़े मीडिया हाउस- माया, इंडिया टुडे, संडे ऑब्जर्वर, बीबीसी हिंदी, अमर उजाला में काम किया। वह एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य रहे।
उनके नेतृत्व में प्रभात खबर ने हमेशा निष्पक्षता और सामाजिक सरोकार की पत्रकारिता पर जोर दिया। उन्होंने हमेशा ऐसे मुद्दों को प्राथमिकता दी, जो सीधे आम जनता से जुड़े थे। उनकी गिनती हिंदी पत्रकारिता के दिग्गजों में होती है।
उन्होंने नौ वर्षों तक प्रभात खबर का नेतृत्व किया और इसे नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। प्रधान संपादक के रूप में उन्होंने न केवल संपादकीयसामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की, बल्कि एक बड़े मीडिया संगठन के प्रबंधन और विस्तार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनकी कार्यशैली में तकनीकी नवाचार और प्रिंट मीडिया के पारंपरिक मूल्यों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है। उन्हें राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ ही क्रिकेट का विशद ज्ञान है। साहित्य में गहरी दिलचस्पी रखते हैं। हमेशा नयी तकनीक सीखने को तैयार रहते हैं।
केंद्रीय सूचना आयोग में उनका चयन उनकी उत्कृष्ट पेशेवर साख और प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है, जहां वह अब देश में सूचना के अधिकार कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। उनकी नियुक्ति को हिंदी मीडिया जगत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।









